पीड़ित परिवार से मिले सांसद पप्पू यादव; बोले- जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलेगी, चुप नहीं बैठूँगा।
15 जनवरी, जहानाबाद (बिहार):
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव आज जहानाबाद जिले के पतियामा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पटना के एक हॉस्टल में मासूम बच्ची के साथ हुई दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्होंने उन्हें ढांढस बंधाया और साफ शब्दों में कहा कि यह घटना प्रशासन और हमारी पूरी व्यवस्था की नाकामी का जीता-जागता सबूत है।
पप्पू यादव ने व्यवस्था पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा, “यह बड़े शर्म की बात है कि सत्ता में बैठे लोग तो सुरक्षित हैं, लेकिन हमारी बेटियां खौफ के साये में जी रही हैं।” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हॉस्टल की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर अब भी कड़े कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसी घटनाएं समाज को शर्मसार करती रहेंगी।
सांसद ने कुछ गंभीर सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा कि हमें यह समझने की जरूरत है कि आखिर बच्ची ने अपने मन की बात परिवार से क्यों नहीं कही? क्या वह डरी हुई थी या समाज के दबाव में थी? उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की ताकि सच सामने आ सके। उन्होंने हॉस्टल मालिक की जिम्मेदारी तय करने की बात कहते हुए पूछा कि आखिर हॉस्टल के भीतर बच्ची की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी? उन्होंने मुजफ्फरपुर कांड का जिक्र करते हुए कहा कि जांच के नाम पर खानापूर्ति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गिरिराज सिंह पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयानों पर पलटवार करते हुए पप्पू यादव ने कहा, “सनातन की बात करने वाले गिरिराज सिंह जब जहानाबाद आए थे, तो उस पीड़ित बच्ची के घर क्यों नहीं गए? क्या गरीबों के घर जाकर उनका दुख बांटने में उन्हें डर लगता है?” उन्होंने आगे कहा कि वह खुद जाति-पाति के बंधनों से ऊपर उठकर काम करते हैं और अपने परिवार में हर वर्ग को जगह दी है।
पप्पू यादव ने अंत में संकल्प दोहराते हुए कहा कि वह बच्ची को इंसाफ दिलाने के लिए किसी भी हद तक लड़ेंगे। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि इंसानियत की लड़ाई है।”











Add Comment