जमशेदपुर: बिष्टुपुर इलाके के यश कमल कॉम्प्लेक्स में एक बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। यहां फर्स्ट फ्लोर पर मौजूद कृष्णा ज्वेलर्स में दो लोग आम ग्राहक बनकर घुसे और 44 ग्राम सोना लेकर फरार हो गए। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
दुकानदार ने बताया कि दोनों लोग दुकान में आए और सोने-चांदी के सिक्के दिखाने को कहा। जब दुकानदार उन्हें सिक्के दिखा रहा था, तभी दोनों ने उसे अपनी बातों में बुरी तरह उलझा लिया। इसी बीच मौका पाकर उन्होंने 44 ग्राम सोने का एक पैकेट चुपचाप उठा लिया और अपने पास रख लिया।
दुकानदार को शक न हो, इसलिए उन्होंने एक चांदी का सिक्का खरीदने का नाटक भी किया। उन्होंने एडवांस के तौर पर 2 हजार रुपये जमा किए और कहा कि वे नीचे जाकर अपने ‘गुरुजी’ को सिक्का दिखाकर अभी तुरंत वापस आते हैं। उनकी बातों पर भरोसा करके दुकानदार ने पैसे रख लिए और उन्हें जाने दिया।
जब काफी देर बीत जाने के बाद भी वे दोनों नहीं लौटे, तो दुकानदार का माथा ठनका। उसने तुरंत अपना स्टॉक चेक किया, जिसमें 44 ग्राम सोने का पैकेट गायब मिला। इसके बाद जब सीसीटीवी फुटेज देखा गया, तो सारी सच्चाई सामने आ गई। कैमरे में दोनों साफ तौर पर सोना चुराते दिख रहे हैं।
इस घटना के बाद दुकानदार ने तुरंत बिष्टुपुर थाने में अपनी लिखित शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी वीडियो के आधार पर दोनों चोरों की तलाश में जुट गई है।











Add Comment