36.1 C
New Delhi
April 23, 2024
देश राजनीति राज्य

भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में फिर से सत्ता में लौटने की ओर, गोवा और मणिपुर में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी, आम आदमी पार्टी को पंजाब में भारी बढत

समाचार डेस्क दिल्ली 

पांच राज्‍यों के विधानसभा चुनाव की मतगणना तेजी से आगे बढ़ रही है। भारतीय जनता पार्टी का उत्‍तर प्रदेश और उत्‍तराखण्‍ड में फिर से सत्‍ता में आना तय है। गोवा और मणिपुर में वह सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर रही है। पंजाब में आम आदमी पार्टी स्‍पष्‍ट बहुमत की ओर बढ़ रही है।

गोवा में मुख्‍यमंत्री प्रमोद सावंत चुनाव जीत गए हैं। पंजाब में पूर्व मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह पटियाला सीट से हार गए हैं। वर्तमान मुख्‍यमंत्री चरण जीत सिंह चन्‍नी और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू आम आदमी पार्टी के उम्‍मीदवारों से पीछे चल रहे हैं।

उत्‍तर प्रदेश में सभी 403 सीटों के रुझान उपलब्‍ध हैं।  भारतीय जनता पार्टी भारी अंतर से आगे है। उसके उम्‍मीदवार 246 सीटों पर आगे चल रहे हैं। भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल (सोनेलाल) सभी 11 सीटों पर आगे है।  समाजवादी पार्टी ने 124 सीटों पर बढ़त बनाई है।  राष्‍ट्रीय लोकदल 9, बहुजन समाज पार्टी 2 और कांग्रेस 1 सीट पर आगे हैं।

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने गोरखपुर शहरी निर्वाचन क्षेत्र से पर्याप्‍त बढ़त बना ली है। सिद्धार्थ नाथ सिंह, इलाहाबाद पश्चिम सीट से आगे हैं। पूर्व मुख्‍यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव करहल सीट से आगे हैं।

उत्‍तराखण्‍ड में भारतीय जनता पार्टी ने 1 सीट जीत ली है। शेष 69  सीटों के रुझान में वह 46 सीटों पर आगे है।  कांग्रेस 20 सीटों पर, बहुजन समाज पार्टी 1 और निर्दलीय 2 सीट पर आगे है।

पूर्व मुख्‍यमंत्री और कांग्रेस उम्‍मीदवार हरीश रावत लालकुआ निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्‍मीदवार डॉक्‍टर मोहन सिंह बिष्‍ट से पीछे हैं।

पंजाब में अब तक 6 सीटों के परिणाम आ चुके हैं। 4 सीट आम आदमी पार्टी के पक्ष में और 1-1 सीट भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के खाते में गई है। शेष सीटों के रुझान में आम आदमी पार्टी 87 सीट पर, कांग्रेस 17 सीट पर, शिरोमणि अकाली दल 4 सीट पर तथा भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और निर्दलीय 1-1 सीट पर आगे है।

मुख्‍यमंत्री चरण जीत सिंह चन्‍नी और पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू, आम आदमी पार्टी के उम्‍मीदवारों से पीछे चल रहे हैं। चन्‍नी भदौर और चमकौर साहिब दोनों सीटों से पिछड रहे हैं। आम आदमी पार्टी के प्रदेश  इकाई  प्रमुख  और  मुख्‍यमंत्री पद के उम्‍मीदवार भगवंत सिंह मान, धुरी निर्वाचन क्षेत्र से आगे हैं।  पटियाला सीट से पूर्व मुख्‍यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस प्रमुख  कैप्‍टन अमरिंदर सिंह, आम आदमी पार्टी के उम्‍मीदवार अजीत पाल सिंह कोहली से चुनाव हार गए हैं।

गोवा में अब तक चार सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। 3 सीट भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में और 1 सीट कांग्रेस के पक्ष में गई है। मुख्‍यमंत्री और भाजपा उम्‍मीदवार प्रमोद सावंत ने सैंकलिम विधानसभा सीट जीत ली है। उन्‍होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस उम्‍मीदवार धर्मेश सगलानी को 625 वोटों से हराया।  पणजी निर्वाचन  क्षेत्र  से  भाजपा  उम्‍मीदवार अतानेसियो मॉन्‍सेरेट ने पूर्व मुख्‍यमंत्री मनोहर पर्रिकर के पुत्र और निर्दलीय उम्‍मीदवार उत्‍पल पर्रिकर को हरा दिया है। पोरवोरिन से भाजपा के रोहन खूंते ने तृणमूल कांग्रेस के संदीप वजारकर को लगभग 8 हजार वोटों के अंतर से हराया है। कैलेंगुट से कांग्रेस उम्‍मीदवार माइकेल विंसेंट लोबो ने भाजपा उम्‍मीदवार जोसेफ रोबोट को मात दी है। शेष 36 सीटों के रुझान उपलब्‍ध हैं। भारतीय जनता पार्टी 16 सीट और कांग्रेस 9 सीट पर आगे है। महाराष्‍ट्रवादी गोमांतक पार्टी 3 सीट पर आगे चल रही है। आम  आदमी  पार्टी ने 2, गोवा फारवर्ड पार्टी 1, रेवेल्‍यूशनरी गोअंस पार्टी 1, निर्दलीय 3 सीटों पर आगे हैं।

पोंडा निर्वाचन क्षेत्र से बहुकोणीय मुकाबले में महाराष्‍ट्रवादी गोमांतक पार्टी के केतन प्रभु भाटिकर आगे चल रहे हैं, जबकि भाजपा उम्‍मीदवार  रवि  नायक पिछड़ रहे हैं।  मडगांव सीट से कांग्रेस के दिगम्‍बर कामत आगे हैं, जबकि उप-मुख्‍यमंत्री भाजपा के अजगांवकर मनोहर पीछे चल रहे हैं।

मणिपुर में दो सीटों के परिणाम मिल चुके हैं। सत्‍तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटिड ने 1-1 सीट जीती है। भाजपा ने 19 सीट पर, कांग्रेस ने 3, नगा पीपुल्‍स पार्टी 4, नगा पीपुल्‍स फ्रंट 7, जनता दल यूनाइटिड 3 और कुकी पीपुल्‍स एलायंस 1 पर आगे हैं।

भाजपा नेता और मुख्‍यमंत्री एन. बिरेन सिंह हेइंगांग सीट से आगे चल रहे हैं।

Related posts

दो महीने बाद खुला सिंघेश्वर मंदिर का पट गाइडलाइन के साथ मंदिर में पूजा अर्चना चालू

आजाद ख़बर

स्कुली बच्चों ने बांस का पुलिया बना कर सरकारी कर्मी व जनप्रनिधियों के मुंह मे जड़ा तमाचा: झारखंड

आजाद ख़बर

DRDO ने आज ओडिशा के तट से एकीकृत परीक्षण रेंज से आकाश-एनजी (नई पीढ़ी) मिसाइल का सफल प्रक्षेपण किया

आजाद ख़बर

Leave a Comment

आजाद ख़बर
हर ख़बर आप तक