जमशेदपुर के साकची स्थित जेएनएसी (JNAC) कार्यालय के समीप शनिवार रात सिख समाज द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान दशमेश पिता गुरु गोबिंद सिंह जी के ‘चार साहिबजादों’ के महान बलिदान पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस भावपूर्ण फिल्म को देखने के लिए सिख समुदाय के साथ-साथ स्थानीय नागरिक और युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी।
फिल्म के माध्यम से साहिबजादों के अदम्य साहस, वीरता और धर्म की रक्षा के लिए उनके द्वारा दिए गए सर्वोच्च बलिदान को बड़े ही प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया। साहिबजादों के त्याग को पर्दे पर देख वहां मौजूद कई दर्शकों की आंखें नम हो गईं। फिल्म के समापन पर लोगों ने साहिबजादों की शहादत को नमन करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
आयोजकों ने इस पहल के पीछे का मुख्य उद्देश्य बताते हुए कहा कि वर्तमान पीढ़ी को सिख इतिहास और अपने गौरवशाली अतीत से जोड़ना अनिवार्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गुरुओं के बताए मार्ग और उनके मूल्यों पर चलकर ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से हरविंदर सिंह मंटू, तरनप्रीत सिंह बन्नी, संदीप सिंह चटवाल और जोगिंदर सिंह जोगी सहित सिख समाज के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।











Add Comment